सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

नमस्ते के साथ - साथ

जब दो परिचित या अपरिचित व्यक्ति आपस में मिलते हैं तो कार्य व्यापार प्रारंभ होने से पहले परस्पर अभिवादन किया जाता है। यह अभिवादन उनकी उम्र, शिक्षा, सामाजिक स्तर, लिंग, जाति, परस्पर विश्वास तथा अन्य अनेक कारकों पर निर्भर होता है और इन्हीं के आधार पर अभिवादन के कुछ शब्द समाज स्वीकृत हो जाते हैं। हिंदी के संदर्भ में बात करें तो तीन बहुप्रचलित शब्द सबसे पहले याद आते हैं- नमस्ते, नमस्कार और प्रणाम। तीनों का मूल एक है संस्कृत की √नम् धातु, जिसका अर्थ है झुकना, विनम्र होना। 

यों भारत में अभिवादन के लिए बीसियों शब्द प्रचलित हैं। राम-राम, राधे राधे, जय श्री कृष्ण, जुले, सत श्री अकाल, जय जिनेंद्र, ढाल करूँ, पायलागी, पैरी पैणा,  नमो नारायण, अलख निरंजन और भी अनेक। किंतु देश भर में सर्वाधिक प्रचलित अभिवादन है- नमस्ते।

 नमन, नमस्ते, नमस्कार, प्रणाम इन सबमें झुकने का भाव प्रधान है। हम जिसे भी नमन कर रहे हों उसके सामने हमारे शरीर की मुद्रा किसी न किसी रूप में झुकने की होती है। वह चाहे थोड़ा सा सिर झुकाने की हो, चाहे सिर सहित धड़ झुकाने की हो, चाहे दंडवत अर्थात् लाठी के समान चरणों के सामने लेटने की हो, या साष्टांग प्रणाम करने की हो; इन सब में "नमन" प्रधान कर्म है,। हम नमन नहीं कर पाएँ तो मुंह से नमन के किसी पर्याय को केवल बोलकर अपनी विनम्रता और अपना अभिवादन व्यक्त करते हैं।

√नम् धातु से बने तीन शब्द मुख्य रूप से प्रचलित हैं - नमस्ते, नमस्कार और प्रणाम। इनके बारे में प्रायः शंका की जाती है कि क्या इनमें कोई भेद है या तीनों में से किसी का भी प्रयोग किया जा सकता है। यों तो यह इस बात पर भी निर्भर करता है कि आपके परिवार या समाज में परंपरा से क्या प्रचलित है, फिर भी इनके अर्थ में सूक्ष्म किंतु स्पष्ट अंतर है।

नमस्ते एक पूरा वाक्य है। नमः ते अर्थात्  नमस्कार करता हूँ आपको। आपके सामने जो भी वंदनीय उपस्थित हो उसे नमस्ते कहा जाता है। नमस्कार का अर्थ है नमन करने का भाव। इसका पूरा वाक्य बनेगा मैं नमस्कार करता हूँ। यह एक सामान्य उद्घोषणा जैसा है। आप व्यक्तिगत रूप से किसी एक के प्रति नमन का भाव व्यक्त नहीं कर रहे हैं। इसे एक से अधिक लोगों को सामूहिक रूप से नमस्कार कह सकते हैं। प्रणाम में 'प्र'-उपसर्ग होने से यह विशिष्ट भाव का व्यंजक है। "प्रकर्षेण नमनम्"। विशेष रूप से गुरुजनों या देवता को प्रणाम किया जाता है। इसका एक भेद साष्टांग प्रणाम है, जो अब किया कम जाता है, पत्र में लिखने की प्रथा अधिक है। साष्टांग प्रणाम आठ अंगों को झुका कर भूमि पर एक दंड की भाँति लेटकर किया जाने वाला नमन है। वे अंग हैं-

दोर्भ्यां पद्भ्याञ्च जानुभ्यामुरसा शिरसा दृशा

मनसा वचसा चेति प्रणामोऽष्टाङ्ग ईरितः ॥

(दो पैर, दो जाँघें, छाती, सिर, मन और वाणी से किया जाने वाला नमन।)

शरीर से किए जाने वाले नमस्कार के छह प्रकार माने जा सकते हैं-

* केवल सिर झुकाना।

* केवल हाथ जोड़ना।

* सिर झुकाना और हाथ जोड़ना।

* हाथ जोड़ना और दोनों घुटने झुकाना।

* हाथ जोड़ना, दोनों घुटने और सिर झुकाना।

* दंडवत प्रणाम  जिसे ‘साष्टांग प्रणाम’ भी कहा जाता है।

नमस्ते शब्द और उसके साथ अभिवादन का भारतीय ढंग कोरोना संत्रास के कारण विश्वव्यापी हो गया। विश्व के अधिकांश देशों में इसका अर्थ और तात्पर्य समझा जाने लगा है और प्रयोग भी करते हैं। फैशन के तौर पर भी कई जगह नमस्ते बोलने का रिवाज है। यद्यपि पश्चिम में "नमस्ते" भावमुद्रा सहित अर्थात् दोनों हथेलियाँ मिलाकर सिर को थोड़ा झुकाकर बोला जाता है, लेकिन भारत में ये माना जाता है कि भावमुद्रा का अर्थ नमस्ते ही है और इसलिए इस शब्द का बोलना इतना आवश्यक नहीं माना जाता है।

नमस्कार संज्ञा अर्थात् नमस्कार करने का भाव है। हम किसी को नमस्कार करते हैं तो नमस्कार का भाव ही प्रकट कर रहे होते हैं, इसलिए व्यवहार में दोनों समान हैं।

फिर भी सामाजिक चलन का भी महत्व होता है। कुछ लोगों में नमस्कार कह कर ही प्रणाम किया जाता है, वे नमस्ते को रूखा मानते हैं और वरीयता नहीं देते। दूसरे समाज में इसका उल्टा भी है। वे नमस्कार को अटपटा मानते हैं। इसी प्रकार कुछ राज्यों में नमस्ते या नमस्कार की अपेक्षा प्रणाम को अधिक महत्व दिया जाता है। प्रायः अपरिचितों के लिए नमस्ते का प्रयोग होता है पारिवारिक व्यवहार में और गुरुजनों के लिए प्रणाम का। चरण स्पर्श, पायलागी, पैरी पैणा जैसे कुछ अभिवादन धर्मगुरु, शिक्षक, माता - पिता के लिए हैं। चरण स्पर्श प्रायः गुरु के अतिरिक्त अपने ही परिवार के बुजुर्गों के किए जाते हैं, अन्य किसी व्यक्ति के नहीं। 

 केरल में यह नमस्ते ही नमस्कारम् बन जाता है तो कर्नाटक में नमस्कारा। तमिलनाडु में नमस्कारम् के अतिरिक्त एक द्रविड़ शब्द लोकप्रिय है: वणक्कम ।  आंध्र में नमस्कारमु कहा जाता है। 

नेपाल के निवासी भी अभिवादन के लिए नमस्कार  का प्रयोग करते हैं। श्रीलंका में "आयुबोवन" और थाईलैंड में "सबत्दी" अभिवादन के लिए कहा जाता है।

कुछ भाषाओं में एक ही शब्द या संकेत किसी का स्वागत करने के लिये और उस से विदा होने के लिये भी प्रयुक्त होता है। उदाहरण के लिए अंग्रेज़ी में "गुड डे" (Gooday), अरबी में "अस-सलाम-आलेकुम" (السلام عليكم), इब्रानी में "शालोम" (שָׁלוֹם) और इतालवी में "च्याओ" (Ciao)। सिर-झुकाना और हाथ मिलाना भी मिलने व विदा करने दोनों के लिये प्रयुक्त होता है।








टिप्पणियाँ

  1. बहुत सुंदर narrative हैं ।
    हमारे बंगाल में सभी बड़ों को विशेष अवसर पर चरण स्पर्श का अलिखित नियम है । और यदि गुरु या माता पिता है तो उनका चरण स्पर्श तो करना अनिवार्य हो जाता । हमारे माता पिता को हिचकिचाहट होती थी पर हम बहने छू ही लेते थे ।
    मनु संहिता के अनुसार बाएं हाथ से दाहिना पैर और दाहिने हाथ से बाएं पैर को छूने का रिवाज़ है ।
    हम लोग ऐसा ही करते है ।

    जवाब देंहटाएं
  2. ब्लॉग पर पधारने और सराहने के लिए धन्यवाद। ब्लॉग अभी अधूरा और बेतरतीब है। कच्चे ड्राफ़्ट को ही अपलोड कर दिया था।
    प्रणाम वाला पक्ष रह गया है। आदाब, सलाम भी सूची में हैं।
    बंगाल की और कुछ विशेषताएँ साझा कीजिए।

    सादर

    जवाब देंहटाएं
  3. मै ब्लॉग savy नहीं हूं इसलिए आने की इच्छा होने पर भी आ नहीं पाती थी । कभी कभार जब खुल जाता है तो पोस्ट save करके रख देती हूं बाद में इत्मीनान से पड़ती हूं । उत्तर देने के समय फिर नहीं खोल पाती हूं ।
    लेकिन आपकी पोस्ट बहुत सूचना प्रदान करती है इसलिए कसमसाती हूं खोलने के लिए ।
    जी हां अभी अधूरा है ।
    पढ़ने की उत्सुकता बनी है ।
    हिंदीभाषी लोगो के अलावा बंगालियों में नमस्ते का चलन नहीं है । समान उम्र वालों को नमस्कार ही करते है । फोन में प्रणाम ही चलता है बड़ों के लिए । सामने मिलने पर चरणस्पर्श । हमारे यूपी में लड़कियां पैर नहीं छूती है पर बहुएं छूती है, पर बंगाल में लड़कियां भी समान रूप से पैर छूती है । धन्यवाद ।

    जवाब देंहटाएं
  4. आपके द्वारा दी गयी हर जानकारी अत्यंत रोचक और ज्ञानवर्धक होती है।

    जवाब देंहटाएं

एक टिप्पणी भेजें

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

राजनीतिक और राजनैतिक

शब्द-विवेक : राजनीतिक या राजनैतिक वस्तुतः राजनीति के शब्दकोशीय अर्थ हैं राज्य, राजा या प्रशासन से संबंधित नीति। अब चूँकि आज राजा जैसी कोई संकल्पना नहीं रही, इसलिए इसका सीधा अर्थ हुआ राज्य प्रशासन से संबंधित नीति, नियम व्यवस्था या चलन। आज बदलते समय में राजनीति शब्द में अर्थापकर्ष भी देखा जा सकता है। जैसे: 1. मुझसे राजनीति मत खेलो। 2. खिलाड़ियों के चयन में राजनीति साफ दिखाई पड़ती है। 3. राजनीति में कोई किसी का नहीं होता। 4. राजनीति में सीधे-सच्चे आदमी का क्या काम। उपर्युक्त प्रकार के वाक्यों में राजनीति छल, कपट, चालाकी, धूर्तता, धोखाधड़ी के निकट बैठती है और नैतिकता से उसका दूर का संबंध भी नहीं दिखाई पड़ता। जब आप कहते हैं कि आप राजनीति से दूर रहना चाहते हैं तो आपका आशय यही होता है कि आप ऐसे किसी पचड़े में नहीं पड़ना चाहते जो आपके लिए आगे चलकर कटु अनुभवों का आधार बने। इस प्रकार की अनेक अर्थ-छवियां शब्दकोशीय राजनीति में नहीं हैं, व्यावहारिक राजनीति में स्पष्ट हैं। व्याकरण के अनुसार शब्द रचना की दृष्टि से देखें। नीति के साथ विशेषण बनाने वाले -इक (सं ठक्) प्रत्यय पहले जोड़ लें तो शब्द बनेगा नै...

ध्वजारोहण और ध्वजोत्तोलन

झंडा फहराने/लहराने के लिए दो शब्द हैं: ध्वजारोहण (flag hoisting), ध्वजोत्तोलन (flag unfurling)। ध्वजारोहण में ध्वज को रस्सी से बाँधकर ध्वजदंड के शिखर तक ऊपर ले जाने (आरोहण) का भाव है। स्‍वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री ध्वजारोहण करते हैं। ध्वजारोहण में ध्वज को खंभे के नीचे से ऊपर उठाया जाता है , जो 1947 में ब्रिटिश शासन से स्वतंत्रता प्राप्त करने के बाद भारत के एक स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में उभरने का प्रतीक है। जब दंड के शिखर पर पहले से एक पोटली-सी बनाकर ध्वज बाँधा गया हो और तुला की भाँति गाँठ खोलकर ऊपर लहराया जाए तो इसके लिए उत्तोलन अधिक उपयुक्त है। गणतंत्र दिवस पर राष्‍ट्रपति डोरी खींचते हैं और टच दंड के शिखर पर पहले से बँधा हुआ झंडा खुलकर फहराने लगता है। यह झंडोत्तोलन या ध्वजोत्तोलन है। जिन्हें यह सूक्ष्म अंतर मालूम नहीं है, वे 15 अगस्त और 26 जनवरी दोनों के लिए झंडा फहराना क्रिया का प्रयोग करते हैं। लहराना क्रिया लहर से बनी नामधातु है और फहराना ध्वन्यात्मक शब्द फर-फर से बनी। झंडा लहरों की तरह चंचल दिखाई पड़ता है तो लहराता है, तरंगित होता है। हवा से फर-फर करता उड़ता है तो फहराता...

स्रोत-श्रोत्र-श्रौत-स्तोत्र

स्रोत-श्रोत्र-श्रौत और स्तोत्र अवचेतन मन में कहीं संस्कृत के कुछ शब्दों के सादृश्य प्रभाव को अशुद्ध रूप में ग्रहण कर लेने से हिंदी में कुछ शब्दों की वर्तनी अशुद्ध लिखी जा रही है। 'स्रोत' ऐसा ही एक उदाहरण है। इसमें 'स्र' के स्थान पर 'स्त्र' का प्रयोग देखा जाता है - 'स्त्रोत'! स्रोत संस्कृत के 'स्रोतस्' से विकसित हुआ है किंतु हिंदी में आते-आते इसके अर्थ में विस्तार मिलता है। मूलतः स्रोत झरना, नदी, बहाव का वाचक है। अमरकोश के अनुसार "स्वतोऽम्बुसरणम् ।"  वेगेन जलवहनं स्रोतः ।  स्वतः स्वयमम्बुनः सरणं गमनं स्रोतः।  अब हम किसी वस्तु या तत्व के उद्गम या उत्पत्ति स्थान को या उस स्थान को भी जहाँ से कोई पदार्थ प्राप्त होता है,  स्रोत कहते हैं। "भागीरथी (स्रोत) का उद्गम गौमुख है" न कहकर हम कहते हैं- भागीरथी का स्रोत गौमुख है। अथवा, भागीरथी का उद्गम गौमुख है। स्रोत की ही भाँति सहस्र (हज़ार) को भी 'सहस्त्र' लिखा जा रहा है। कारण संभवतः संस्कृत के कुछ शब्दों के बिंबों को भ्रमात्मक स्थिति में ग्रहण किया गया है। हिंदी में तत्सम शब्द अस्त्...