सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

अथ गिलास चर्चा



गिलास :
आम उपयोग का गिलास शब्द अंग्रेजी के ग्लास से विकसित हुआ है, उसका तद्भव। अंग्रेज़ी में ' ग्लास ' का मूल अर्थ तो अल्प पारदर्शी, भंगुर पदार्थ काँच है किंतु यह अन्य अर्थों में भी प्रचलित है जैसे: चश्मा, शीशा (दर्पण), काँच के बने बर्तन आदि अनेक अर्थ हैं। काँच के बने गिलास (टम्बलर) के लिए भी अंग्रेजी में ग्लास प्रयुक्त होता है। लेकिन हिन्दी में इसका अर्थविस्तार हो गया - गिलास केवल काँच से बने जलपात्र को ही नहीं कहते ; काँसा , चाँदी , पीतल, काँच, स्टेनलेस स्टील आदि विविध धातुओं, मिश्र धातुओं से बने जलपात्रों के लिए भी गिलास ही प्रयुक्त होने लगा।

 



लोक में परंपरागत रूप से गिलास के पूर्व लोटा, कुल्हड़, कटोरा/कटोरी ही पानी पीने के काम आते होंगे। लोटे का ही एक भेद गड़ुवा भी मिलता है, प्रायः कुछ अँचलों में। इसमें लोटे से एक टोंटी सी जुड़ी होती है और पूजा के सहायक पात्रों में गणना होती है। इस्लाम में एक धार्मिक अनुष्ठान 'वुज़ू' के लिए भी इसका उपयोग किया जाता है। इसलिए इसे वुज़ू का लोटा भी कहते हैं।  छोटा गड़ुवा शिशुओं को दूध पिलाने के काम भी आता था।

यहाँ यह उल्लेख अप्रासंगिक नहीं होगा कि मिट्टी के पानपात्र कुल्हड़ शब्द को द्रविड़ मूल का माना जाता है और कम से कम 5000 वर्ष पूर्व सिंधु घाटी सभ्यता  में भी इसका प्रयोग होने के प्रमाण बताए जाते हैं।


संस्कृत में जलपात्र, पानपात्र, पानभाजन, पानभाण्ड और चषक शब्द रहे होंगे पर समकालीन भाषाओं में ये सामान्य व्यवहार में नहीं रहे और लुप्त हो गए। फ़ारसी/उर्दू से प्याला शब्द आया। उसके साथ कुछ भिन्न सांस्कृतिक संकल्पना जुड़ी होने के कारण वह  गिलास के समकक्ष नहीं हो सकता था, नहीं हुआ। सो गिलास व्यापक हो गया; हिंदी में ही नहीं, प्रायः सभी भारतीय भाषाओं में।

तेलुगु में भी 'ग्लासु ' शब्द जलपात्र के लिए ही प्रयुक्त होता है। चाहे वह काँच का हो या अन्य किसी धातु का। जैसे -डिग्गासु (चांदी का गिलास), स्टील ग्लासु (स्टील का गिलास)। मराठी में ग्लास, बांग्ला में গ্লাস, कन्नड़ में ಗ್ಲಾಸ್,  ಲೋಟ/ ಲೋಟಾ, गुजराती में ગ્લાસ, ओडिया में ଗ୍ଲାସ, मलयालम में ഗ്ലാസ്, पंजाबी में ਗਲਾਸ; इसी प्रकार बोलियों में भी। हरयाणा, राजस्थान के कुछ अंचलों में, विशेषकर पुरानी पीढ़ी के शब्द भंडार में गिलास के लिए एक देसी शब्द "बखौरा" है। इसकी व्युत्पत्ति फ़ारसी शब्द आब-ख़ोर > आबखोरा > बखौरा से है। इसका हिंदी अर्थ है: पानी पीने वाला, पानी पीने की जगह, प्याऊ, प्यासा और गिलास भी।
अब कुछ बोलियों में बचा रह गया है, गिलास ने इस शब्द को ही पी-पचा लिया समझें। आदि स्वर लोप हो जाने से बखौरा रह गया।

(आभार: इस ब्लॉग का विषय सूत्र 27 मई, 2021 को अभिषेक अवतंस के ट्वीट से प्राप्त)
•••    •••    •••


टिप्पणियाँ

  1. टोंटी सहित लोटा पूजा पाठ के काम आता था। टोंटी वाला दूध पिलाने वाले पात्र को मिथिला मे सोवरनी बोलते थे। यह सब अब चलन मे नहीं हैं।

    जवाब देंहटाएं
    उत्तर
    1. जी हाँ, मेरी पीढ़ी को इसी छोटे गड़ुए से दूध पिलाया जाता था। बाद में इसकी टोंटी में रबर की निपल पहनाकर उपयोगी बना दिया गया।

      हटाएं

एक टिप्पणी भेजें

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

राजनीतिक और राजनैतिक

शब्द-विवेक : राजनीतिक या राजनैतिक वस्तुतः राजनीति के शब्दकोशीय अर्थ हैं राज्य, राजा या प्रशासन से संबंधित नीति। अब चूँकि आज राजा जैसी कोई संकल्पना नहीं रही, इसलिए इसका सीधा अर्थ हुआ राज्य प्रशासन से संबंधित नीति, नियम व्यवस्था या चलन। आज बदलते समय में राजनीति शब्द में अर्थापकर्ष भी देखा जा सकता है। जैसे: 1. मुझसे राजनीति मत खेलो। 2. खिलाड़ियों के चयन में राजनीति साफ दिखाई पड़ती है। 3. राजनीति में कोई किसी का नहीं होता। 4. राजनीति में सीधे-सच्चे आदमी का क्या काम। उपर्युक्त प्रकार के वाक्यों में राजनीति छल, कपट, चालाकी, धूर्तता, धोखाधड़ी के निकट बैठती है और नैतिकता से उसका दूर का संबंध भी नहीं दिखाई पड़ता। जब आप कहते हैं कि आप राजनीति से दूर रहना चाहते हैं तो आपका आशय यही होता है कि आप ऐसे किसी पचड़े में नहीं पड़ना चाहते जो आपके लिए आगे चलकर कटु अनुभवों का आधार बने। इस प्रकार की अनेक अर्थ-छवियां शब्दकोशीय राजनीति में नहीं हैं, व्यावहारिक राजनीति में स्पष्ट हैं। व्याकरण के अनुसार शब्द रचना की दृष्टि से देखें। नीति के साथ विशेषण बनाने वाले -इक (सं ठक्) प्रत्यय पहले जोड़ लें तो शब्द बनेगा नै...

दंपति या दंपती

 हिदी में पति-पत्नी युगल के लिए तीन शब्द प्रचलन में हैं- दंपति, दंपती और दंपत्ति।इनमें अंतिम तो पहली ही दृष्टि में अशुद्ध दिखाई पड़ता है। लगता है इसे संपत्ति-विपत्ति की तर्ज पर गढ़ लिया गया है और मियाँ- बीवी के लिए चेप दिया गया है। विवेचन के लिए दो शब्द बचते हैं- दंपति और दंपती।  पत्नी और पति के लिए एकशेष द्वंद्व समास  संस्कृत में है- दम्पती। अब क्योंकि  दंपती में  पति-पत्नी दोनों सम्मिलित हैं,  इसलिए संस्कृत में इसके रूप द्विवचन और बहुवचन  में ही चलते हैं अर्थात पति- पत्नी के एक जोड़े को "दम्पती" और  दंपतियों के  एकाधिक जोड़ों को  "दम्पतयः" कहा जाएगा।   वस्तुतः इसमें जो दम् शब्द है उसका संस्कृत में अर्थ है पत्नी। मॉनियर विलियम्ज़ की संस्कृत-इंग्लिश-डिक्शनरी में जो कुछ दिया है, उसका सार है: दम् का प्रयोग ऋग्वेद से होता आ रहा है धातु (क्रिया) और संज्ञा के रूप में भी। ‘दम्’ का मूल अर्थ बताया गया है पालन करना, दमन करना। पत्नी घर में रहकर पालन और नियंत्रण करती है इसलिए वह' "घर" भी है। संस्कृत में ‘दम्’ का स्वतंत्र प्रयोग नहीं मिलता।...

ध्वजारोहण और ध्वजोत्तोलन

झंडा फहराने/लहराने के लिए दो शब्द हैं: ध्वजारोहण (flag hoisting), ध्वजोत्तोलन (flag unfurling)। ध्वजारोहण में ध्वज को रस्सी से बाँधकर ध्वजदंड के शिखर तक ऊपर ले जाने (आरोहण) का भाव है। स्‍वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री ध्वजारोहण करते हैं। ध्वजारोहण में ध्वज को खंभे के नीचे से ऊपर उठाया जाता है , जो 1947 में ब्रिटिश शासन से स्वतंत्रता प्राप्त करने के बाद भारत के एक स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में उभरने का प्रतीक है। जब दंड के शिखर पर पहले से एक पोटली-सी बनाकर ध्वज बाँधा गया हो और तुला की भाँति गाँठ खोलकर ऊपर लहराया जाए तो इसके लिए उत्तोलन अधिक उपयुक्त है। गणतंत्र दिवस पर राष्‍ट्रपति डोरी खींचते हैं और टच दंड के शिखर पर पहले से बँधा हुआ झंडा खुलकर फहराने लगता है। यह झंडोत्तोलन या ध्वजोत्तोलन है। जिन्हें यह सूक्ष्म अंतर मालूम नहीं है, वे 15 अगस्त और 26 जनवरी दोनों के लिए झंडा फहराना क्रिया का प्रयोग करते हैं। लहराना क्रिया लहर से बनी नामधातु है और फहराना ध्वन्यात्मक शब्द फर-फर से बनी। झंडा लहरों की तरह चंचल दिखाई पड़ता है तो लहराता है, तरंगित होता है। हवा से फर-फर करता उड़ता है तो फहराता...