सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

अज्ञ बने विशेषज्ञ

अज्ञों के सम्मान में विशेषज्ञ

ज् और ञ के संयोग से बना हुआ संयुक्त अक्षर है ज्ञ । यह एकाक्षरी  स्वतंत्र शब्द भी है जिसका अर्थ है ज्ञानी, ज्ञानवाला, जानकार। ज्ञ का स्वतंत्र प्रयोग कम होता है और किसी शब्द के साथ प्रत्यय के रूप में ज्ञ जोड़कर इससे समस्त पद बनाए जाते हैं; जैसे शास्त्रज्ञ, सर्वज्ञ, निमित्तज्ञ, विधिज्ञ, कार्यज्ञ, दैवज्ञ, शास्त्रज्ञ, सर्वज्ञ, अज्ञ, विशेषज्ञ ।
अमरकोश के अनुसार -- 
 विद्वान्विपश्चिद्दोषज्ञः सन्सुधीः कोविदो बुधः। 
धीरो मनीषी ज्ञः प्राज्ञः संख्यावान्पण्डितः कविः॥
#   #   
आजकल टीवी चैनलों, विद्वानों की गोष्ठियों में कभी-कभी ऐसे विशेषज्ञ आ जाते हैं जिन्हें "विशेष अज्ञ" कहने का मन करता है किंतु व्याकरण इस स्थापना को स्वीकार नहीं करेगा। संस्कृत के संधि नियमों के अनुसार यहाँ दीर्घ स्वर संधि होगी और विशेष +अज्ञ मिलकर पद बनेगा 'विशेषाज्ञ'।
अनेक बार गोष्ठियों में मैंने विद्वानों के समक्ष यह प्रश्न उठाया जिसे हँसी- मजाक में टाल दिया गया और यही हो भी सकता था। schwa लोप के तर्क एक बार ट्विटर में संस्कृत के एक प्रकांड विद्वान मित्र रामानुज देवनाथन (असमय ही निधन हो गया) ने इसका समाधान करते हुए लिखा,  "हाँ, संस्कृत व्याकरण में भी यह संभव है । एक वार्तिक 'शकन्ध्वादिषु पररूपं वाच्यम्' के अनुसार विशेष अज्ञ को भी विशेषज्ञ माना जा सकता है।"
मुझे जैसे सहारा मिल गया क्योंकि हिंदी में, कम से कम बोलचाल की हिंदी में, यह रूप बन सकता है। आइए देखें भाषा- व्याकरण में यह ऐसे संभव है!
हिंदी में उच्चारण नियमों के अनुसार 'विशेष' में अन्त्य स्वर 'अ' नहीं है, इसे पदांत अकार (schwa) का लोप कहा जाता है। सामान्यतः व्यंजन वर्णों में अ स्वर अंतर्निहित होता है किंतु हिंदी की एक विशेषता यह है कि कुछ स्थितियों में उच्चारण में अ लुप्त हो जाता है। इसका प्रभाव अक्षर विभाजन में भी पड़ता है। जैसे
रात > रात्
आम > आम्
कमल > क/मल्
फूलना > फूल्/ना
अराजकता>अ/रा/जक्/ता
लाजपतराय > लाज् / पत् / राय्
विशेष > वि/शेष्
अतः विशेष् में पदांत अकार (schwa) लोप से शेष रहा विशेष्। विशेष् के बाद अज्ञ होने से अ सहज ही पूर्व व्यंजन ष् से जुड़ जाएगा और शब्द बनेगा विशेषज्ञ अर्थात् विशेष रूप से अज्ञ!

टिप्पणियाँ

  1. सही कहा दादा , हो सकता है पर प्रचलित प्रयोग का क्या होगा ? लाक्षणिक अर्थ में क्या व्याख्या दी जा सकती है ? पता नही , आपका कथन विद्वतापूर्ण एवं चिंतनीय अवश्य है । धन्यवाद दादा । प्रणाम

    जवाब देंहटाएं
  2. अर्थ तो प्रचलित प्रयोग वाला ही रहेगा । यह मात्र एक दिशा थी - एक व्यंग्य कि कभी-कभी विशेषज्ञ ऐसे होते हैं जो इस शब्द के अर्थ पर पुनर्विचार करने के लिए प्रेरित करते हैं । रहेंगे आगे अज्ञ भी, विशेषज्ञ भी।
    ब्लॉक पर पधारने के लिए आभार।

    जवाब देंहटाएं

एक टिप्पणी भेजें

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

राजनीतिक और राजनैतिक

शब्द-विवेक : राजनीतिक या राजनैतिक वस्तुतः राजनीति के शब्दकोशीय अर्थ हैं राज्य, राजा या प्रशासन से संबंधित नीति। अब चूँकि आज राजा जैसी कोई संकल्पना नहीं रही, इसलिए इसका सीधा अर्थ हुआ राज्य प्रशासन से संबंधित नीति, नियम व्यवस्था या चलन। आज बदलते समय में राजनीति शब्द में अर्थापकर्ष भी देखा जा सकता है। जैसे: 1. मुझसे राजनीति मत खेलो। 2. खिलाड़ियों के चयन में राजनीति साफ दिखाई पड़ती है। 3. राजनीति में कोई किसी का नहीं होता। 4. राजनीति में सीधे-सच्चे आदमी का क्या काम। उपर्युक्त प्रकार के वाक्यों में राजनीति छल, कपट, चालाकी, धूर्तता, धोखाधड़ी के निकट बैठती है और नैतिकता से उसका दूर का संबंध भी नहीं दिखाई पड़ता। जब आप कहते हैं कि आप राजनीति से दूर रहना चाहते हैं तो आपका आशय यही होता है कि आप ऐसे किसी पचड़े में नहीं पड़ना चाहते जो आपके लिए आगे चलकर कटु अनुभवों का आधार बने। इस प्रकार की अनेक अर्थ-छवियां शब्दकोशीय राजनीति में नहीं हैं, व्यावहारिक राजनीति में स्पष्ट हैं। व्याकरण के अनुसार शब्द रचना की दृष्टि से देखें। नीति के साथ विशेषण बनाने वाले -इक (सं ठक्) प्रत्यय पहले जोड़ लें तो शब्द बनेगा नै...

ध्वजारोहण और ध्वजोत्तोलन

झंडा फहराने/लहराने के लिए दो शब्द हैं: ध्वजारोहण (flag hoisting), ध्वजोत्तोलन (flag unfurling)। ध्वजारोहण में ध्वज को रस्सी से बाँधकर ध्वजदंड के शिखर तक ऊपर ले जाने (आरोहण) का भाव है। स्‍वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री ध्वजारोहण करते हैं। ध्वजारोहण में ध्वज को खंभे के नीचे से ऊपर उठाया जाता है , जो 1947 में ब्रिटिश शासन से स्वतंत्रता प्राप्त करने के बाद भारत के एक स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में उभरने का प्रतीक है। जब दंड के शिखर पर पहले से एक पोटली-सी बनाकर ध्वज बाँधा गया हो और तुला की भाँति गाँठ खोलकर ऊपर लहराया जाए तो इसके लिए उत्तोलन अधिक उपयुक्त है। गणतंत्र दिवस पर राष्‍ट्रपति डोरी खींचते हैं और टच दंड के शिखर पर पहले से बँधा हुआ झंडा खुलकर फहराने लगता है। यह झंडोत्तोलन या ध्वजोत्तोलन है। जिन्हें यह सूक्ष्म अंतर मालूम नहीं है, वे 15 अगस्त और 26 जनवरी दोनों के लिए झंडा फहराना क्रिया का प्रयोग करते हैं। लहराना क्रिया लहर से बनी नामधातु है और फहराना ध्वन्यात्मक शब्द फर-फर से बनी। झंडा लहरों की तरह चंचल दिखाई पड़ता है तो लहराता है, तरंगित होता है। हवा से फर-फर करता उड़ता है तो फहराता...

स्रोत-श्रोत्र-श्रौत-स्तोत्र

स्रोत-श्रोत्र-श्रौत और स्तोत्र अवचेतन मन में कहीं संस्कृत के कुछ शब्दों के सादृश्य प्रभाव को अशुद्ध रूप में ग्रहण कर लेने से हिंदी में कुछ शब्दों की वर्तनी अशुद्ध लिखी जा रही है। 'स्रोत' ऐसा ही एक उदाहरण है। इसमें 'स्र' के स्थान पर 'स्त्र' का प्रयोग देखा जाता है - 'स्त्रोत'! स्रोत संस्कृत के 'स्रोतस्' से विकसित हुआ है किंतु हिंदी में आते-आते इसके अर्थ में विस्तार मिलता है। मूलतः स्रोत झरना, नदी, बहाव का वाचक है। अमरकोश के अनुसार "स्वतोऽम्बुसरणम् ।"  वेगेन जलवहनं स्रोतः ।  स्वतः स्वयमम्बुनः सरणं गमनं स्रोतः।  अब हम किसी वस्तु या तत्व के उद्गम या उत्पत्ति स्थान को या उस स्थान को भी जहाँ से कोई पदार्थ प्राप्त होता है,  स्रोत कहते हैं। "भागीरथी (स्रोत) का उद्गम गौमुख है" न कहकर हम कहते हैं- भागीरथी का स्रोत गौमुख है। अथवा, भागीरथी का उद्गम गौमुख है। स्रोत की ही भाँति सहस्र (हज़ार) को भी 'सहस्त्र' लिखा जा रहा है। कारण संभवतः संस्कृत के कुछ शब्दों के बिंबों को भ्रमात्मक स्थिति में ग्रहण किया गया है। हिंदी में तत्सम शब्द अस्त्...