सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

शब्द विवेक - संगठन, संघटन और संघ


संगठन और संघटन में प्रायः अंतर करना कठिन हो जाता है। मूल संस्कृत शब्द तो संघटन है किंतु हिंदी में संगठन इसके समानांतर चल पड़ा है और संघटन की अपेक्षा अधिक प्रचलित है। जोड़ने, रचना करने के अर्थ में √घट् धातु से बने 'घटन' के पूर्व सम् उपसर्ग जुड़ने से बनता है संघटन। संगठन इसका हिंदी में विकसित रूप है। अब चूँकि दोनों शब्दों की रचना दो भिन्न धातुओं से नहीं है, इसलिए संघटन को तत्सम तथा संगठन को तद्भव भी माना जा सकता है। इन दोनों के अर्थ क्षेत्र परस्पर मिले हुए हैं किंतु इधर पारिभाषिक शब्दावली के रूप में दोनों में स्पष्ट अंतर किया जाने लगा है।

संगठन
बिखरी हुई शक्तियों, लोगों या अंगों आदि को इस प्रकार मिलाकर एक करना कि उनमें नया जीवन या बल आ जाए, किसी विशिष्ट उद्धेश्य या कार्यसिद्धि के लिये बिखरे हुए अवयवों को मिलाकर एक और व्यवस्थित करना, एक में मिलाने और उपयोगी बनाने के लिये की हुई व्यवस्था संगठन (organization) है। प्रबंधन विज्ञान के अंतर्गत संगठन वह आंतरिक व्यवस्था है जिसके अंतर्गत यह देखा जाता है- उत्पादन के विभिन्न उपादानों को एकत्र कर उन्हें काम पर लगाना तथा उनके बीच ऐसा सहयोग एवं सामंजस्य स्थापित करना है कि वे उत्पादन में अपना अधिकतम योग दे सकें, तथा कार्यरत व्यक्तियों के मध्य मधुर संबंध स्थापित कर सकें।
अपने उद्देश्य और कार्य क्षेत्र के अनुसार संगठन अनेक प्रकार के हो सकते हैं, जैसे स्कूली शिक्षा संगठन व्यापारिक संगठन, मजदूर संगठन, प्रकाशक संगठन आदि।

संघटन
किसी चीज के विभिन्न अवयवों को जोड़कर उसे प्रतिष्ठित करना, रचना करना, वर्गों या व्यक्तियों का मिलकर एक इकाई का रूप धारण करना, किसी काम के लिए बनाई गई संस्था, मेल, संयोग आदि संघटन में आते हैं। यह integration के अर्थ में हो सकता है, जैसे सरदार वल्लभ भाई पटेल ने भारत के सभी राज्यों का संघटन कर भारत राष्ट्र की नींव डाली।
हिस्सों को जोड़कर पूर्ण आकार देने amalgamation के लिए भी संघटन हो सकता है, जैसे: मेरी कंपनी ने अपनी सारी इकाइयों को केंद्रीय प्रशासन के अंतर्गत संघटित किया। किसी वस्तु की संरचना को भी संघटन कहा जाता है जैसे पदार्थों का संघटन परमाणु या उप-परमाण्विक कणों - इलेक्ट्रॉन, प्रोटॉन और न्यूट्रॉन से हुआ है। जिन वस्तुओं से संघटन हुआ हो उन्हें संघटक या घटक कहा जाता है।
यहाँ एक बात ध्यान में रखने की है कि संगठन और संघटन दोनों के आर्थी क्षेत्र कहीं-कहीं परस्पर अतिव्याप्त भी हो सकते हैं और कहीं एक के स्थान पर दूसरे का प्रयोग भी देखा जाता है।

संघ
संगठन और संघटन के आर्थी क्षेत्र का ही एक और शब्द है संघ। यह सम् + √हन् से बना है। सामान्यतः संघ का अर्थ समूह, संग्रह समुच्चय झुंड एक साथ रहने वाले लोगों का समूह आदि है। जैसे जनसंघ, महर्षि संघ, महिला कल्याणकारी संघ आदि। पारिभाषिक शब्द के रूप में संघ शब्द अंग्रेजी के association, union के अर्थ में तो संगठन का ही पर्याय लगता है, जैसे: छात्र संघ/छात्र संगठन, मजदूर संघ/मजदूर संगठन। समाज विज्ञान या राजनीति के क्षेत्र में संघ फेडरेशन, यूनियन या लीग का पर्याय है; जैसे: भारत में संघीय (federal) व्यवस्था होने के कारण यह कई राज्यों का एक संघ है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संयुक्त राष्ट्र संघ एक संगठन है। कुछ निजी संस्थाएं भी अपने आप को संघ कहती हैं, जैसे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ। कुछ संघों के संगठन अपने आप को महासंघ confederation कहते हैं।








टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

धोबी का कुत्ता

किन्हीं सज्जन की एक फ़ेसबुक पोस्ट पर ट्विटर और फ़ेसबुक पर बड़ी रोचक चर्चा हुई जिसमें कहा गया है कि "धोबी का कुत्ता घर का न घाट का" कहावत में कुत्ता नहीं, "कुतका" का प्रयोग सही है।  यह लोकोक्ति सदियों से ब्रजभाषा, अवधी, भोजपुरी, बुंदेली, नेपाली, कुमाउँनी सहित अनेक अन्य भाषाओं में बहुत पहले से उपस्थित है। 15-वीं सदी के संत कवि गोस्वामी तुलसीदास ने कवितावली में इसका प्रयोग मिलता है। इसका आशय ऐसे व्यक्ति से है जो एक ठिकाने पर जमकर कोई काम नहीं करता । बेकार उधर फिरनेवाला । निकम्मा आदमी। कहावत का कुत्ता घर का इसलिए नहीं कि आमतौर पर कुत्ते का काम होता है घर की रखवाली करना। जब घाट पर जाएगा, तो रखवाली कौन करेगा। घाट का इसलिए नहीं कि वहाँ उसके करने का कोई काम नहीं और आखिर वहाँ से भी धोबी के साथ लौट ही आएगा।  इस लोकोक्ति का एक छोटा रूप भी हिन्दी में चलता है - घर का न घाट का। अंग्रेजी में इसके समकक्ष कहावत है:  Whistling maids and crowning hen, are neither fit for gods, nor for men!  "कुतका" हिन्दी में एक बैटनुमा मोटा डंडा या सोंटा है जो कपड़े को धोने के दौरा...

राजनीतिक और राजनैतिक

शब्द-विवेक : राजनीतिक या राजनैतिक वस्तुतः राजनीति के शब्दकोशीय अर्थ हैं राज्य, राजा या प्रशासन से संबंधित नीति। अब चूँकि आज राजा जैसी कोई संकल्पना नहीं रही, इसलिए इसका सीधा अर्थ हुआ राज्य प्रशासन से संबंधित नीति, नियम व्यवस्था या चलन। आज बदलते समय में राजनीति शब्द में अर्थापकर्ष भी देखा जा सकता है। जैसे: 1. मुझसे राजनीति मत खेलो। 2. खिलाड़ियों के चयन में राजनीति साफ दिखाई पड़ती है। 3. राजनीति में कोई किसी का नहीं होता। 4. राजनीति में सीधे-सच्चे आदमी का क्या काम। उपर्युक्त प्रकार के वाक्यों में राजनीति छल, कपट, चालाकी, धूर्तता, धोखाधड़ी के निकट बैठती है और नैतिकता से उसका दूर का संबंध भी नहीं दिखाई पड़ता। जब आप कहते हैं कि आप राजनीति से दूर रहना चाहते हैं तो आपका आशय यही होता है कि आप ऐसे किसी पचड़े में नहीं पड़ना चाहते जो आपके लिए आगे चलकर कटु अनुभवों का आधार बने। इस प्रकार की अनेक अर्थ-छवियां शब्दकोशीय राजनीति में नहीं हैं, व्यावहारिक राजनीति में स्पष्ट हैं। व्याकरण के अनुसार शब्द रचना की दृष्टि से देखें। नीति के साथ विशेषण बनाने वाले -इक (सं ठक्) प्रत्यय पहले जोड़ लें तो शब्द बनेगा नै...

गधा (गर्दभ)

गधा संस्कृत में एक धातु है √गर्द (शोर करना, चीखना-चिल्लाना) उससे अभच् प्रत्यय जुड़कर बनता है गर्दभ। गर्दभ > गधा (गदहा)। एक सीधा-सादा पशु, donkey, ass. लाक्षणिक अर्थ: मूर्ख, भोला, simpleton, stupid. अविश्रामं वहेद्भारं शीतोष्णञ्च न विन्दति ससन्तोषस्तथा नित्यं त्रीणि शिक्षेत गर्दभात्॥ ~चाणक्य "बिना विश्राम किए भार वहन करना, सर्दी-गर्मी की चिंता न करना, सदा संतुष्ट रहना, ये तीन बातें गधे से सीखनी चाहिए।" गधे अनुशासित होते हैं और अपने काम को लेकर बहुत सजग रहते हैं। गधों की याददाश्त बहुत अच्छी होती है, वे रास्तों को आसानी से याद रख सकते हैं। कहते हैं कि रेखागणित का एक प्रमेय गर्दभानंद ने सिद्ध किया था — त्रिभुज की दो भुजाओं से तीसरी छोटी होती है। [चित्र कच्छी गधा (गुजरात), सौजन्य @विकी कॉमंस] गुजरात में दो विशिष्ट नस्लों के गधे मिलते हैं - हलारी गधा और कच्छी गधा। दोनों ही नस्लें गुजरात के पारंपरिक पशुपालन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का एक महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इनके संरक्षण के लिए विशेष  उपाय किए जा रहे हैं। 🫏🫏🫏