सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

निराघाती (बरौनी) ऱ-कार

 

निराघाती  (unstressed) रेफ: बरौनी ऱ-कार (eyelash ra ऱ < r̆>)


हिंदी में रेफ के लिए व्यवस्था है कि वह स्वर और व्यंजन के बीच आने पर शिरोरेखा पर लगता है और उसकी अक्षर सीमा पहले अक्षर के साथ होती है। जैसे गर्व  (गऱ् व) कार्य (काऱ य)। दूसरा स्वर सहित र किसी शुद्ध (हलंत) व्यंजन के साथ जुड़ता है, इसलिए वह उस व्यंजन की खड़ी पाई के साथ लगता है और जिन व्यंजन आकृतियों में खड़ी पाई नहीं होती वहाँ उनके पेंदे पर गोलाई के साथ। जैसे क्रम, ग्रीवा, राष्ट्र आदि। ध्यान रहे कि यह पदांत र स्वर सहित र है जो किसी स्वर रहित व्यंजन से जुड़ता है और उसके चरण-शरण गह लेता है। किंतु यहाँ चर्चित रेफ का ऱ्, आकार और उच्चारण दोनों में शिरोरेखा वाले रेफ से भिन्न है।

इस ऱ् का उच्चारण आघात रहित और कुछ निरंतर कंपन trill से होता है, इसलिए इसे निराघाती या प्रवाही कहना उचित जान पड़ता है। IPA के अनुसार < r̆ > । नागरी लिपि की वर्णमाला आकृति में यह कुछ टेढ़े डैश की भाँति होता है और अक्षर के मध्य लगाया जाता है। मानव बरौनियों से समानता के कारण हम "बरौनी रकार" कह रहे हैं! 

यह बरौनी रकार नागरी लिपि का ऐसा संकेत है जिसे हिंदी ने नहीं अपनाया किंतु मराठी, नेपाली में प्रयुक्त होता है। उच्चारण स्तर पर यह हिंदी की कुछ बोलियों में विद्यमान है। V + र् + C को सर्वत्र शिरोरेखा रेफ बनाने पर अक्षर सीमा कुछ शब्दों में ठीक नहीं बैठती और नया सीखने वाला अशुद्ध उच्चारण कर सकता है।

जैसे: कर्/म = कर्म अक्षर सीमा के अनुसार ही बोला जाता है।

कर्यो = कर्/यो बोला जाएगा जब कि र् को य के साथ बोला जाना चाहिए।

इसका हल होता शिरोरेखा रेफ के स्थान पर निराघाती प्रवाही (बरौनी आकार का) रकार: क/ऱ्यो ->

हिंदी की कुछ पड़ोसी भाषाओं, सहभाषाओं और बोलियों में इस "बरौनी रकार" के कुछ उदाहरण इस प्रकार हैं:

नेपाली:  ऱ्याखऱ्याख, ऱ्याल, कऱ्याङ्कुरुङ, पुऱ्याउने, गऱ्यो, सऱ्यो।

कुमाउँनी:  कऱ्याठ, कऱ्याल, चऱ्यो, छऱ्योल, छोऱ्यौल, जऱ्यूड़, पुऱ्यूण, पथऱ्यूण, बऱ्यात, ऱ्यालण, सोऱ्याल, ऱ्याख, दुसऱ्याँ, सुऱ्वाल, ऱ्वट।

ब्रजभाषा, बुंदेली, अवधी, भोजपुरी: कऱ्यो, सऱ्यो, बिगऱ्यो, टऱ्यो, टाऱ्यो, ताऱ्यो (केवल उच्चारण में; लेखन में कर्यो, सर्यो आदि ही लिखा जा रहा है जो हिंदी के बारे में इस कथन को झुठलाता है कि हिंदी जैसे बोली जाती है वैसे ही लिखी जाती है।)

मराठी: तऱ्हेचा, येणाऱ्या, दुसऱ्यांचा

भाषा चूँकि एक अभ्यास भी है इसलिए हम हिंदी भाषी इस सूक्ष्म अंतर का अनुभव नहीं करते और ऐसे शब्दों का उच्चारण यथोचित ही करते हैं, किंतु अहिंदी भाषी इसे देर से समझ पाता है।


टिप्पणियाँ

  1. ऱ् का उपयोग कब करा जाए, तथा उच्चारण में शिरोरेखा वाले र् से क्या अन्तर है। थोड़ी सरल भाषा में समझाईए

    जवाब देंहटाएं
  2. क्षमा करें आपकी टिप्पणी आज दिखाई पड़ी। इस बरौनी ऱकार का प्रयोग उन सभी जगहों पर किया जा सकता है जहाँ रेफ को पहले वर्ण के साथ नहीं बल्कि अगले वर्ण के साथ बोला जाता है । हिंदी और हिंदी क्षेत्र की उपभाषाओं, बोलियों में यह उच्चारण स्तर पर विद्यमान है । लिखते हुए इसे हम अगले वर्ण की शिरोरेखा पर लगा देते हैं किंतु पढ़ते पहले वर्ण के साथ हैं। यह ऱ अधिकतर य के साथ जुड़ता है।
    कऱ्यो, बिगऱ्यो, कऱ्या था।

    जवाब देंहटाएं

एक टिप्पणी भेजें

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

राजनीतिक और राजनैतिक

शब्द-विवेक : राजनीतिक या राजनैतिक वस्तुतः राजनीति के शब्दकोशीय अर्थ हैं राज्य, राजा या प्रशासन से संबंधित नीति। अब चूँकि आज राजा जैसी कोई संकल्पना नहीं रही, इसलिए इसका सीधा अर्थ हुआ राज्य प्रशासन से संबंधित नीति, नियम व्यवस्था या चलन। आज बदलते समय में राजनीति शब्द में अर्थापकर्ष भी देखा जा सकता है। जैसे: 1. मुझसे राजनीति मत खेलो। 2. खिलाड़ियों के चयन में राजनीति साफ दिखाई पड़ती है। 3. राजनीति में कोई किसी का नहीं होता। 4. राजनीति में सीधे-सच्चे आदमी का क्या काम। उपर्युक्त प्रकार के वाक्यों में राजनीति छल, कपट, चालाकी, धूर्तता, धोखाधड़ी के निकट बैठती है और नैतिकता से उसका दूर का संबंध भी नहीं दिखाई पड़ता। जब आप कहते हैं कि आप राजनीति से दूर रहना चाहते हैं तो आपका आशय यही होता है कि आप ऐसे किसी पचड़े में नहीं पड़ना चाहते जो आपके लिए आगे चलकर कटु अनुभवों का आधार बने। इस प्रकार की अनेक अर्थ-छवियां शब्दकोशीय राजनीति में नहीं हैं, व्यावहारिक राजनीति में स्पष्ट हैं। व्याकरण के अनुसार शब्द रचना की दृष्टि से देखें। नीति के साथ विशेषण बनाने वाले -इक (सं ठक्) प्रत्यय पहले जोड़ लें तो शब्द बनेगा नै...

ध्वजारोहण और ध्वजोत्तोलन

झंडा फहराने/लहराने के लिए दो शब्द हैं: ध्वजारोहण (flag hoisting), ध्वजोत्तोलन (flag unfurling)। ध्वजारोहण में ध्वज को रस्सी से बाँधकर ध्वजदंड के शिखर तक ऊपर ले जाने (आरोहण) का भाव है। स्‍वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री ध्वजारोहण करते हैं। ध्वजारोहण में ध्वज को खंभे के नीचे से ऊपर उठाया जाता है , जो 1947 में ब्रिटिश शासन से स्वतंत्रता प्राप्त करने के बाद भारत के एक स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में उभरने का प्रतीक है। जब दंड के शिखर पर पहले से एक पोटली-सी बनाकर ध्वज बाँधा गया हो और तुला की भाँति गाँठ खोलकर ऊपर लहराया जाए तो इसके लिए उत्तोलन अधिक उपयुक्त है। गणतंत्र दिवस पर राष्‍ट्रपति डोरी खींचते हैं और टच दंड के शिखर पर पहले से बँधा हुआ झंडा खुलकर फहराने लगता है। यह झंडोत्तोलन या ध्वजोत्तोलन है। जिन्हें यह सूक्ष्म अंतर मालूम नहीं है, वे 15 अगस्त और 26 जनवरी दोनों के लिए झंडा फहराना क्रिया का प्रयोग करते हैं। लहराना क्रिया लहर से बनी नामधातु है और फहराना ध्वन्यात्मक शब्द फर-फर से बनी। झंडा लहरों की तरह चंचल दिखाई पड़ता है तो लहराता है, तरंगित होता है। हवा से फर-फर करता उड़ता है तो फहराता...

स्रोत-श्रोत्र-श्रौत-स्तोत्र

स्रोत-श्रोत्र-श्रौत और स्तोत्र अवचेतन मन में कहीं संस्कृत के कुछ शब्दों के सादृश्य प्रभाव को अशुद्ध रूप में ग्रहण कर लेने से हिंदी में कुछ शब्दों की वर्तनी अशुद्ध लिखी जा रही है। 'स्रोत' ऐसा ही एक उदाहरण है। इसमें 'स्र' के स्थान पर 'स्त्र' का प्रयोग देखा जाता है - 'स्त्रोत'! स्रोत संस्कृत के 'स्रोतस्' से विकसित हुआ है किंतु हिंदी में आते-आते इसके अर्थ में विस्तार मिलता है। मूलतः स्रोत झरना, नदी, बहाव का वाचक है। अमरकोश के अनुसार "स्वतोऽम्बुसरणम् ।"  वेगेन जलवहनं स्रोतः ।  स्वतः स्वयमम्बुनः सरणं गमनं स्रोतः।  अब हम किसी वस्तु या तत्व के उद्गम या उत्पत्ति स्थान को या उस स्थान को भी जहाँ से कोई पदार्थ प्राप्त होता है,  स्रोत कहते हैं। "भागीरथी (स्रोत) का उद्गम गौमुख है" न कहकर हम कहते हैं- भागीरथी का स्रोत गौमुख है। अथवा, भागीरथी का उद्गम गौमुख है। स्रोत की ही भाँति सहस्र (हज़ार) को भी 'सहस्त्र' लिखा जा रहा है। कारण संभवतः संस्कृत के कुछ शब्दों के बिंबों को भ्रमात्मक स्थिति में ग्रहण किया गया है। हिंदी में तत्सम शब्द अस्त्...