सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

ख़ानापूरी, खानापूर्ति

ख़ानापूरी, खानापूर्ति 

ख़ानापूरी خانَہ پُری फ़ारसी से आया हुआ शब्द है, जिसका अर्थ है किसी चक्र, प्रपत्र या सारणी (फ़ार्म या रजिस्टर) के ख़ानों में चाही गई जानकारी आदि यथास्थान लिखना, नक्शा भरना। वस्तुत: शुद्ध रूप तो ख़ाना पुरी है और यह पुरी हिंदी क्रिया पुरना/पुराना से है जो हिंदी फ़ारसी दोनों में है। अर्थ है भरना– शर्त पुराना , चौक पुरना।
बहु विधि आरति साजि तो चौक पुरावहीं। —कबीर 

 बिहार में भूमि सर्वेक्षण के एक महत्त्वपूर्ण दस्तावेज़ को भी ख़ानापूरी कहा जाता है जिसमें प्रत्येक भूमि मालिक का नाम, पता, ज़मीन का क्षेत्रफल समेत अनेक जानकारियाँ भरी होती हैं।

खानापूरी का लाक्षणिक अर्थ है– केवल दिखावे के लिये बेमन से काम करना।औपचारिक कार्रवाई; केवल दिखावे के लिए किया गया कार्य खानापूरी कहा जाता है। इसके लिए एक मुहावरा भी चल रहा है- रोग काटना।

खानापूर्ति हिंदी का नवनिर्मित शब्द है– खाना (भोजन) की पूर्ति (भरण), फूड सप्लाई। फ़ारसी के ख़ानापूरी को विदेशी और अशुद्ध मानकर उसका यथासंभव संस्कृतीकरण किया हुआ रूप है खानापूर्ति, जिसे शुद्धतावादी खानापूरी का पर्यायवाची मान ले रहे है। 
इसे भाषा के क्षेत्र में मनुष्य का अवांछित हस्तक्षेप कहा जा सकता है, लेकिन धीरे-धीरे आम व्यवहार में आने लगा है। आमजन को जो समझ में आ जाए, और जो व्यवहार में आने लगे, वही जनभाषा बन जाती है। खानापूरी के पूरी को पूर्ति (पूर् > पूर्ण) से बना हुआ मानना समझ में आता है किंतु ख़ाना (शेल्फ) और खाना (भोजन) एक नहीं हैं।
 ♦️

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

राजनीतिक और राजनैतिक

शब्द-विवेक : राजनीतिक या राजनैतिक वस्तुतः राजनीति के शब्दकोशीय अर्थ हैं राज्य, राजा या प्रशासन से संबंधित नीति। अब चूँकि आज राजा जैसी कोई संकल्पना नहीं रही, इसलिए इसका सीधा अर्थ हुआ राज्य प्रशासन से संबंधित नीति, नियम व्यवस्था या चलन। आज बदलते समय में राजनीति शब्द में अर्थापकर्ष भी देखा जा सकता है। जैसे: 1. मुझसे राजनीति मत खेलो। 2. खिलाड़ियों के चयन में राजनीति साफ दिखाई पड़ती है। 3. राजनीति में कोई किसी का नहीं होता। 4. राजनीति में सीधे-सच्चे आदमी का क्या काम। उपर्युक्त प्रकार के वाक्यों में राजनीति छल, कपट, चालाकी, धूर्तता, धोखाधड़ी के निकट बैठती है और नैतिकता से उसका दूर का संबंध भी नहीं दिखाई पड़ता। जब आप कहते हैं कि आप राजनीति से दूर रहना चाहते हैं तो आपका आशय यही होता है कि आप ऐसे किसी पचड़े में नहीं पड़ना चाहते जो आपके लिए आगे चलकर कटु अनुभवों का आधार बने। इस प्रकार की अनेक अर्थ-छवियां शब्दकोशीय राजनीति में नहीं हैं, व्यावहारिक राजनीति में स्पष्ट हैं। व्याकरण के अनुसार शब्द रचना की दृष्टि से देखें। नीति के साथ विशेषण बनाने वाले -इक (सं ठक्) प्रत्यय पहले जोड़ लें तो शब्द बनेगा नै...

दंपति या दंपती

 हिदी में पति-पत्नी युगल के लिए तीन शब्द प्रचलन में हैं- दंपति, दंपती और दंपत्ति।इनमें अंतिम तो पहली ही दृष्टि में अशुद्ध दिखाई पड़ता है। लगता है इसे संपत्ति-विपत्ति की तर्ज पर गढ़ लिया गया है और मियाँ- बीवी के लिए चेप दिया गया है। विवेचन के लिए दो शब्द बचते हैं- दंपति और दंपती।  पत्नी और पति के लिए एकशेष द्वंद्व समास  संस्कृत में है- दम्पती। अब क्योंकि  दंपती में  पति-पत्नी दोनों सम्मिलित हैं,  इसलिए संस्कृत में इसके रूप द्विवचन और बहुवचन  में ही चलते हैं अर्थात पति- पत्नी के एक जोड़े को "दम्पती" और  दंपतियों के  एकाधिक जोड़ों को  "दम्पतयः" कहा जाएगा।   वस्तुतः इसमें जो दम् शब्द है उसका संस्कृत में अर्थ है पत्नी। मॉनियर विलियम्ज़ की संस्कृत-इंग्लिश-डिक्शनरी में जो कुछ दिया है, उसका सार है: दम् का प्रयोग ऋग्वेद से होता आ रहा है धातु (क्रिया) और संज्ञा के रूप में भी। ‘दम्’ का मूल अर्थ बताया गया है पालन करना, दमन करना। पत्नी घर में रहकर पालन और नियंत्रण करती है इसलिए वह' "घर" भी है। संस्कृत में ‘दम्’ का स्वतंत्र प्रयोग नहीं मिलता।...

स्रोत-श्रोत्र-श्रौत-स्तोत्र

स्रोत-श्रोत्र-श्रौत और स्तोत्र अवचेतन मन में कहीं संस्कृत के कुछ शब्दों के सादृश्य प्रभाव को अशुद्ध रूप में ग्रहण कर लेने से हिंदी में कुछ शब्दों की वर्तनी अशुद्ध लिखी जा रही है। 'स्रोत' ऐसा ही एक उदाहरण है। इसमें 'स्र' के स्थान पर 'स्त्र' का प्रयोग देखा जाता है - 'स्त्रोत'! स्रोत संस्कृत के 'स्रोतस्' से विकसित हुआ है किंतु हिंदी में आते-आते इसके अर्थ में विस्तार मिलता है। मूलतः स्रोत झरना, नदी, बहाव का वाचक है। अमरकोश के अनुसार "स्वतोऽम्बुसरणम् ।"  वेगेन जलवहनं स्रोतः ।  स्वतः स्वयमम्बुनः सरणं गमनं स्रोतः।  अब हम किसी वस्तु या तत्व के उद्गम या उत्पत्ति स्थान को या उस स्थान को भी जहाँ से कोई पदार्थ प्राप्त होता है,  स्रोत कहते हैं। "भागीरथी (स्रोत) का उद्गम गौमुख है" न कहकर हम कहते हैं- भागीरथी का स्रोत गौमुख है। अथवा, भागीरथी का उद्गम गौमुख है। स्रोत की ही भाँति सहस्र (हज़ार) को भी 'सहस्त्र' लिखा जा रहा है। कारण संभवतः संस्कृत के कुछ शब्दों के बिंबों को भ्रमात्मक स्थिति में ग्रहण किया गया है। हिंदी में तत्सम शब्द अस्त्...