नाबदानी भाषा उर्फ चुनावी भाषा
•••••••
अपने देश में जब भी छोटे-बड़े चुनाव आते हैं तो घटिया भाषा का प्रयोग बढ़ जाता है। इतना कि अब इसे बोलने वाले ही नहीं, सुनने वाले भी इसके आदी हो गए हैं। ऐसी भाषा के लिए एक शब्द चलने लगा है नाबदानी भाषा।
नाबदान फ़ारसी मूल का शब्द है। अर्थ है पनाला, मोरी, गंदा नाला, गंदा पानी निकलने की नाली, पानी के निकास की मोरी, वह नाली जिससे होकर घर का ग़लीज़ (मलमूत्र वाला) पानी आदि बहकर बाहर जाता है, बस्ती या गली के गंदे पानी के निकास के लिए बनी नाली। अंग्रेजी में नाबदान का पर्याय है गटर।
नाबदानी नाबदान से बना विशेषण है, अर्थ है नाबदान-संबंधी या नाबदान का; नाबदान या पनाले के समान अस्पृश्य, गंदा और त्याज्य।
नाबदानी भाषा वह भाषा है जिसमें अधिकतर बातें बहुत ही अश्लील और अशिष्टतापूर्ण रहती हैं और जिसमें दूषित भाव से लोगों पर कीचड़ उछाला जाता है।
नाबदानी भाषा का अंग्रेजी पर्याय है गटर लैंग्वेज। बहुत घटिया स्तर की, गाली-गलौज वाली , अशिष्ट संकेतों और असम्मानित करने वाले व्यंग्यों वाली भाषा को गटर भाषा कहा जाता है। इसे मरीन वेबस्टर डिक्शनरी में इस प्रकार परिभाषित किया गया है - "language marked by extreme vulgarity, cheapness, or indecency".
******
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें